उत्तराखंड (देहरादून) 10 दिसंबर 2025: बंजारावाला में चोरों ने घर से लाखों के जेवरात और नकदी चोरी करने के साथ-साथ बाहर खड़ी कार भी उड़ा ली। वारदात सोमवार देर रात स्वास्तिक प्लाजा के सामने रहने वाले उदित राज के घर हुई। उदित परिवार समेत बाहर गए थे।
उनकी पत्नी सुबह करीब छह बजे घर पहुंचीं तो देखा कि घर के सभी दरवाजे खुले हैं। चोरों ने घर से नकदी, सोने-चांदी के गहने और कीमती सामान चुरा लिया था। नुकसान का आकलन करके पुलिस को बाद में विस्तृत सूची सौंपने की बात कही है। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने घर से चाबी लेकर बाहर खड़ी उनकी कार को भी चुरा लिया। पटेलनगर थानाध्यक्ष चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
