उत्तराखंड (देहरादून) 5 दिसंबर 2025: कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने कहा कि इस बार कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित करने में कोई विलंब नहीं होगा। 15 दिन के भीतर नई कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। दिल्ली में पार्टी हाईकमान के साथ हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ इस विषय पर विस्तृत चर्चा हो चुकी है। आठ दिसंबर को दोबारा बैठक में इस बारे में फिर चर्चा होगी।
गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में डा. रावत ने कहा कि कांग्रेस अपने वरिष्ठ नेताओं को दोबारा जोड़कर उनके अनुभव व सेवाओं का लाभ लेगी। उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, शूरवीर सिंह सजवाण, नवप्रभात व वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र अग्रवाल सहित कई नेताओं के साथ बैठक में इन बिंदुओं पर चर्चा की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए पार्टी ने स्लोगन तय किया है 15 साल बनाम 10 साल, जिसके तहत भाजपा और कांग्रेस सरकारों के विकास कार्यों की तुलना कर तथ्यों सहित जनता के बीच रखा जाएगा। जिला स्तर की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल विद्युत परियोजनाओं से उत्तराखंड को लाभनहीं मिल रहा। टिहरी बांध से प्रभावित जनता को मुफ्त बिजली प देने का मुद्दा भी चुनाव में प्रमुख रहेगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के प्रति टिप्पणी करने का क्रम खुद भाजपा नेताओं ने शुरू किया।
