उत्तराखंड (देहरादून) 28 नवंबर 2025: जंगल से सड़क पर पहुंचे हाथी ने स्कूटी सवार परिवार पर हमला कर 12 वर्षीय बालक को पटककर मार डाला। बेटे को बचाने के लिए दौड़े दंपती पर भी हमले का प्रयास किया गया। दोनों ने खाले में कूदकर जान बचाई। लोगों ने आग जलाकर हाथी को वहां से भगाया।
घटना गुरुवार शाम करीब चार बजे देहरादून-रायपुर मार्ग पर कालूवाला के पास की है। कोठारी मोहल्ला जौलीग्रांट निवासी कमल थापा पत्नी नीलम और छठी कक्षा में पढ़ने वाले 12 वर्षीय बेटे कुणाल के साथ स्कूटी से देहरादून गए । बेटे की दवा लेकर बन मोटर मार्ग से लौटते समय मोड़ पर अचानक हाथी अपने बच्चे के साथ स्कूटी के सामने आ गया। परिवार कुछ समझ पाता, इससे पहले हाथी ने कुणाल पर हमला बोलकर पटककर मार डाला। दंपती बच्चे को लेकर हिमालयन अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानो वन क्षेत्राधिकारी नत्थीलाल डोभाल ने वन मार्ग पर सतर्कता से आवागमन की अपील की।
