उत्तराखंड (गोपेश्वर) 20 नवंबर 2025: ज्योर्तिमठ ब्लाक के हेलंग-उर्गम मोटर मार्ग पर बरातियों से भरी टाटा सूमो पावर हाउस के पास कल्पगंगा नदी में जा गिरी। हादसे में दो बरातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे का कारण सड़क खराब और पैराफिट न होना माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि सलूडं डूंगरा गांव से बरात ज्योतिर्मठ के उर्गम गई थी। बुधवार शाम को लौटते समय खस्ताहाल सड़क पर अंधेरे में चालक कमलेश सिंह नियंत्रण खो बैठा और हेलंग से दो किमी पहले हादसा हो गया। सलूडं निवासी कन्हैया सिंह (18 वर्ष) पुत्र धीरेंद्र सिंह और ध्रुव (18 वर्ष) पुत्र कुशाल सिंह ने मौके पर दम तोड़ दिया। घायलों में चालक कमलेश सिंह, मिलन और पूरण सिंह शामिल हैं। एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि घायलों को ज्योतिर्मठ लाया गया, जहां से दो को जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
