उत्तराखंड (देहरादून) 24 अक्टूबर 2025: दीपावली मनाकर घर लौट रहे युवक को पहले से मारपीट कर रहे आरोपितों ने घेर लिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोपितों ने युवक के ऊपर कार चढ़ाने का भी प्रयास किया, लेकिन रेत होने की वजह से वह बच गया।
पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपितों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है। धीरज पासवास निवासी देवऋषि एन्क्लेव देहराखास ने बताया कि 21 अक्टूबर को वह अपने दोस्तों संतोष थापा, देवराज राठौर, अस्मित वर्मा, विवेक बिष्ट एवं नितिन चौहान के साथ देर रात चंद्रबनी से दीपावली पर्व मनाकर अपने घर देहराखास की ओर आ रहा था। टांसपोर्टनगर चौक के पास भीड़ देखकर वह रुक गए। विक्की, योग राणा, ललित आर्यन व अन्य युवकों ने उनसे मारपीट करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने उन्हें बुरी तरह से पीट दिया और अपने कुछ अन्य साथियों को भी बुला लिया। सभी आरोपितों ने उनके साथ लाठी, राड व धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।
