उत्तराखंड (ऋषिकेश) 22 अक्टूबर 2025: परमार्थ निकेतन पहुंचे गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी सपरिवार गंगा आरती में सम्मिलित हुए। इस दौरान परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि उत्तराखंड के विकास के लिए सांसद अनिल बलूनी के द्वारा किए गए कार्यों में सूझ-बूझ और दूरदर्शिता झलकती है।
उन्होंने कहा कि दीपावली केवल प्रकाश का पर्व नहीं, बल्कि सदाचार, मर्यादा और आध्यात्मिक दिव्यता का पर्व है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम ने सदैव राजधर्म और नैतिकता का पालन किया। उन्होंने सांसद अनिल बलूनी को रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया। इस अवसर पर सांसद बलूनी ने कहा कि परमार्थ निकेतन की आध्यात्मिक गतिविधियां और स्वामी जी के मार्गदर्शन से समाज में नैतिकता, सेवा और संस्कार का संदेश प्रतिदिन गंगा आरती के माध्यम से प्रसारित हो रहा है। उन्होंने गंगा आरती में सम्मिलित होकर अपना अनुभव साझा किया कि आध्यात्मिकता और सेवा का संयोग जीवन में संतुलन और स्थिरता लाता है, और यही हमारे समाज और राष्ट्र की सच्ची शक्ति है।
