उत्तराखंड (देहरादून) 18 अक्टूबर 2025: हर साल पेंशन के लिए दिए जाने वाले जीवन प्रमाणपत्र के डाउनलोड कराने के बहाने बुजुर्ग से 9.66 लाख ठग लिए गए। नेहरू कॉलोनी निवासी बुजुर्ग को साइबर ठगों ने पीएनबी का पेंशन अधिकारी बनकर फोन किया। प्रमाणपत्र के नाम पर उनसे फर्जी एपीके फाइल डाउनलोड करवाई थी। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि वारदात 10 से 11 अक्तूबर के बीच हुई। पीड़ित राजेंद्र सिंह नेगी बद्रीश कॉलोनी में रहते हैं। उन्हें बीती 10 तारीख को फेसबुक पर जीवन प्रमाणपत्र अपडेट करने का एक मैसेज दिखा था जिस पर एक लिंक दिया गया था। उन्होंने उस पर क्लिक किया तो उनके फोन पर अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई, जिसने खुद को पीएनबी कर्मचारी बताकर एपीके फाइल डाउनलोड करवा दी।
