उत्तराखंड (देहरादून) 17 अक्टूबर 2025: रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांतीय आह्वान पर रोडवेज कर्मचारियों ने कार्यशाला परिसर में धरना प्रदर्शन किया। वहीं, डिपो कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर कामकाज किया। बृहस्पतिवार को कार्यशाला शाखा मंत्री अनिल नेगी एवं यातायात ‘शाखा मंत्री कुलदीप प्रसाद के नेतृत्व में रोडवेज कर्मचारी कार्यशाला परिसर में धरने पर बैठे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए अनुबंधित बसों के बेड़े को कम करने, नई बसों की खरीद करने, कुंभ मेले के लिए उत्तर प्रदेश की तर्ज पर नई बसों की खरीदने, बसों के अवैध संचालन पर रोक लगाने, कर्मचारियों को समय से वेतन देना सुनिश्चित करने और बसों को फिट रखने के लिए आवश्यक सामान उपलब्ध कराते हुए मेंटेनेंस में तेजी लाने की मांग की।
