उत्तराखंड (देहरादून) 15 अक्टूबर 2025: विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ‘कबूतरबाजी’ का एक बड़ा मामला सामने आया है। दून के सिंघलमंडी के रहने वाले अवतार सिंह ने पटेलनगर कोतवाली में एक शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने हरचरण मल्ली, उसके जीजा नरेंद्र उर्फ राजा, संदीप और अमृतपाल पर 11 लाख रुपए की ठगी और उनके बेटे को इटली में फंसाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
शिकायत के अनुसार, अवतार सिंह की मुलाकात वर्ष 2023 में बटाला (पंजाब) निवासी हरचरण मल्ली और उसके जीजा नरेंद्र उर्फ राजा से हुई थी। हरचरण मल्ली ने उनके बेटे को इटली में 2 लाख रुपये प्रति माह वेतन और दो साल के वर्किंग वीजा पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। जालसाजों ने खुद को कई देशों में लोगों को नौकरी दिलाने वाला संगठन बताया। अवतार सिंह ने विश्वास करके हरचरण मल्ली के खाते में यूनियन बैंक के जरिए और समय-समय पर 11 लाख रुपए जमा करा दिए। आरोपितों ने अगस्त 2024 में उनके बेटे के वीजा और कागजात तैयार होने की बात कही और 17 सितंबर 2024 को इटली का टिकट बनवाकर उसे भेज दिया। इटली पहुंचने पर बेटे को पता चला कि उसे सिर्फ चार महीने का वीजा (टूरिस्ट वीजा) मिला है, जबकि बात दो साल के वर्किंग वीजा की हुई थी। उनके बेटे को इटली में चार महीने तक खाली बिठाए रखा गया। 14 जनवरी 2025 को जब उसने इस बारे में नरेंद्र से बात की तो नरेंद्र ने उसके साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की कोशिश की।
किसी तरह उनका बेटा आरोपितो के चंगुल से बच निकला और फिलहाल इटली पुलिस की सुरक्षा में है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित का आरोप है कि हरचरण मल्ली ने उसे भी पुलिस और अन्य जगह शिकायत न करने की धमकी दी है। धमकी में कहा गया है कि अगर शिकायत की गई तो उसके बेटे को इटली में ही मार दिया जाएगा और उसे भारत वापस नहीं आने दिया जाएगा। आरोपितों के पास शिकायतकर्ता का 9 लाख रुपए का एक सिक्योरिटी चेक भी है, जिसका दुरुपयोग होने की आशंका है।
पीड़ित अवतार सिंह ने हरचरण मल्ली, नरेंद्र, अमृतपाल और संदीप गिल के खिलाफ धोखाधड़ी, कबूतरबाजी और जान से मारने की धमकी देने के लिए कानूनी कार्रवाई करने और उनके बेटे को सकुशल भारत वापस लाने की मांग की है।
