उत्तराखंड (रुद्रपुर) 28 सितंबर 2025: शिमला पिस्तौर निवासी युवक को रंजिशन तमंचे के बल पर अपहरण कर पीटा गया। आरोप है कि इस दौरान उसकी वीडियो भी बनाई गई। साथ ही उसे जूते में पेशाब भरकर पिलाई गई। लोगों के एकत्र होने पर आरोपित फरार हो गए। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर एक साल बाद वायरल हुआ तो पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने एक आरोपित को पूछताछ को व एक को हिरासत में लिया है।
शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें ग्राम शिमला पिस्तौर निवासी गौरव मौर्या को एकांत जगह पर स्थित खेत में कुछ लोग पेड़ पर बांधकर लाठी-डंडे से पीटते दिख रहे हैं। वीडियो वायरल होने पर मामला पुलिस तक पहुंचा। साथ ही पीड़ित गौरव ने कोतवाली किच्छा पहुंचकर पुलिस को बताया कि एक साल पहले आरोपितों का उसके एक दोस्त से विवाद हो गया था। तब वह मौके पर था। इसके बाद वह 20 सितंबर 2024 की दोपहर को सात-आठ बाइक सवार साथियों के साथ पहुंचे। उन्होंने पिटाई शुरू कर दी। मुंह पर तमंचा रखकर जान से मारने की धमकी दी। बाद में जबरन बाइक पर बैठाकर बंगाली कालोनी के पास सुनसान जगह पर ले गए। जहां उसकी लाठी डंडों से पिटाई करने के साथ वीडियो बनाया।
