उत्तराखंड (अल्मोड़ा) 28 सितंबर 2025: विकासखंड लमगड़ा क्षेत्र की सड़कों की हालत लगातार जर्जर होती जा रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल व अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में बदहाल सड़कों पर एक जोड़ी बैलों को लेकर हल चलाया और भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध जताया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार नहीं जागी तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद जागेश्वर विधायक मोहन सिंह महरा ने सत्यों-रालाकोट मोटर मार्ग के डामरीकरण का कार्य दो माह में शुरू करने की घोषणा की थी। उस समय जनता में खुशी की लहर दौड़ गई थी, लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ। इससे क्षेत्रवासियों का गुस्सा अब फूट पड़ा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि एक माह में उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे विभाग का घेराव करने को बाध्य होंगे।
