उत्तराखंड (देहरादून) 27 सितंबर 2025: मसूरी की पहाड़ियों पर हो रहे अवैध खनन के खिलाफ महिला कांग्रेस ने मसूरी विधायक एवं मंत्री गणेश जोशी का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और बाद में मालरोड के गढ़वाल टैरेस पर धरना दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी मंत्री के समर्थन में नारे लगाए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घेराव करने वालों को वहां से हटाया और मंत्री की गाड़ी को आगे बढ़ाया।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर के नेतृत्व में धरना दिया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि पहाड़ों पर लगातार आपदाएं आ रही हैं और इसका मुख्य कारण अवैध खनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि मालरोड पर रात में जेसीबी द्वारा पहाड़ काटा जा रहा है, जबकि खनन विभाग इस पर चुप्पी साधे हुए है। जब इस बारे में पूछा गया, तो अधिकारियों ने कहा कि कहीं खनन नहीं हो रहा है, जबकि पिछली रात भी जेसीबी से पहाड़ काटा गया था।
जसबीर कौर ने पालिका पर भी सवाल उठाए कि बिना अनुमति के मालरोड पर जेसीबी कैसे पहुंची और खनन कार्य किया गया। मसूरी के आस-पास के क्षेत्रों में अवैध खनन के कारण बड़ी आपदाएं आई हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि रात भर जेसीबी चलने की वीडियो भी मौजूद है। धरना देने वालों में सोनिका सिंह, रुबीना अंजुम, मंजु, सुरभि, गीता खरोला स्थिा गागी आदि महिला कांग्रेस कार्यकर्ता जसबौर कौर के साथ शामिल रहीं।
