उत्तराखंड (देहरादून) 23 सितंबर 2025: प्रदेश कांग्रेस जल्द ही जिला एवं महानगर अध्यक्षों का ऐलान करेगी। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने बताया कि कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त सभी 28 पर्यवेक्षकों ने अपने-अपने पर्यवेक्षण वाले जनपद में पार्टी के सभी जिला, ब्लाक व नगर कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात व बैठकें कर सभी जनपदों में संगठन के लिए अपनी रिपोर्ट पार्टी के महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा को सौंप दी है।
पार्टी हाईकमान पर्यवेक्षकों द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर शीघ्र ही जिला व महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति पर मुहर लगायेगा। महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रेरणा से हो रहे संगठन सृजन अभियान के उत्साहवर्धक परिणाम आयेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़े उत्साह से संगठन सृजन अभियान में प्रतिभाग किया, जिसके परिणाम सुखद होंगे।
उन्होंने बताया कि ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को पद व सम्मान मिलेगा, जिससे आने वाले 2027 के चुनाव में पार्टी को पुनः सत्तारूढ़ करने में मदद मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के दूरगामी परिणाम होंगे और कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान से पार्टी के जेबी संगठन से मुक्ति मिल सकेगी।
