उत्तराखंड (देहरादून) 12 सितंबर 2025: दून पुलिस ने नशे के तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नशा तस्करो को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितो के कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक, गांजा और अफीम बरामद की है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने लगातार चेकिंग की। इसी दौरान मिली सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए पटेलनगर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। अमन विहार के पास से पुलिस ने पुलिन्दर साहनी निवासी मौहल्ला सब्जी थाना मब्बी दरभंगा बिहार और विपिन कुमार निवासी बल्लीवाला चौक बसन्त विहार (मूल पता ग्राम कमालपुर, थाना चाँदपुर बिजनौर उत्तर प्रदेश) को 5 किलो 100 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एक अन्य कार्रवाई में पटेलनगर पुलिस ने गश्त के दौरान मौहम्मद शाहिद निवासी चाँदतारा निकट कारगी चौक पटेलनगर को 5.75 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। तीसरे मामले में प्रेमनगर में पुलिस ने एक ऐसे तस्कर को पकड़ा है जो जलेबी की ठेली की आड़ में नशे का कारोबार कर रहा था। प्रेमनगर पुलिस ने गोवर्धन निवासी ग्राम डांडीवाला, थाना डांडियावास जिला जोधपुर राजस्थान (हाल पता नंदा की चौकी, थाना प्रेमनगर) को 110 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में गोवर्धन ने बताया कि वह यह अफीम राजस्थान के जोधपुर से लाया था और देहरादून में ऊंचे दामों पर नशेड़ियों को बेचने की फिराक में था। गोवर्धन भी मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
