उत्तराखंड (देहरादून) 3 सितंबर 2025: सीमाद्वार से लगे मोहित नगर में ट्यूबवेल की मोटर फूंकने से करीब 450 घरों की पेयजल आपूर्ति ठप रही। पानी न मिलने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उनके रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हुए।
पित्थूवाला जल संस्थान शाखा के अंतर्गत मोहित नगर स्थित ट्यूबवेल से करीब 450 घरों के लिए पेयजल आपूर्ति होती है। सोमवार शाम को बिजली के वोल्टेज में उतार-चढ़ाव होने से ट्यूबवेल की मोटर फुंक गई। जिससे मंगलवार को मोहित नगर की आपूर्ति ठप हो गई। लोगों द्वारा शिकायत करने पर जल संस्थान ने पानी के टैंकर भेजकर पेयजल आपूर्ति दी। सहायक अभियंता राजीव विश्वकर्मा ने बताया कि ट्यूबवेल का संचालन जल निगम के पास है। जल निगम ने मोटर बदलने का कार्य शुरू कर दिया है। जल्द ही पेयजल आपूर्ति सुचारु होगी।
