हर्षिल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में घायल हुए थे सेना के जवान
उत्तराखंड (देहरादून) 9 अगस्त 2025: प्रदेश के राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने शुक्रवार को गढ़ी कैंट स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल का दौरा कर उत्तरकाशी जिले के धराली व हर्षिल क्षेत्र में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में घायल हुए सेना न के जवानों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में भर्ती जवानों से संवाद किया और उनके साहस, हिम्मत व कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
राज्यपाल ने घायल जवानों से घटना के दौरान सामने आई चुनौतियों और खतरनाक हालात के अनुभव भी सुने। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी जवानों का मनोबल, संयम और देश के प्रति समर्पण अद्वितीय है। उन्होंने सभी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य और देश की ओर से उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन से जवानों के उपचार की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
राज्यपाल ने निर्देश दिए कि घायल जवानों को समुचित उपचार, सुविधा और मानसिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। ताकि वे जल्द स्वस्थ होकर फिर से देश सेवा के लिए तैयार हो सकें। इस दौरान उत्तराखंड सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल एमपीएस गिल सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
