उत्तराखंड (देहरादून) 3 अगस्त 2025: देहरादून राजकीय दून मेडिकल कालेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की ओर से शनिवार को राष्ट्रीय अंगदान दिवस के अवसर पर जीवन संजीवनी अभियान के तहत संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दून मेडिकल कालेज परिसर से देहराखास तक जन जागरूकता रैली निकाली गई। वहीं चिकित्सा शिक्षा निदेशक डा. आशुतोष सयाना के निर्देशन में कम्युनिटी मेडिसन विभागाध्यक्ष डा. अनुपमा आर्या के नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
इस दौरान ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र नयागांव पेलियो के भुड्डी व शहरी स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र मेहंवाला में अंगदान विषय पर लोगों को जानकारी दी गई। डा. अनुपमा आर्या ने बताया कि अंगदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। अंगदान से आठ से अधिक लोगों को जीवनदान दिया जा सकता है। नोडल अधिकारी डा. सुमित ने कहा 18 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति अंगदान कर सकता है। महादेव गौड़ ने कहा कि अंगदान सबसे श्रेष्ठ है।
