उत्तराखंड (देहरादून) 20 जुलाई 2025: कावंड़ यात्रा के सकुशल संपादन को लेकर दून पुलिस कप्तान अजय सिंह खुद मैदान में उतरे। रिस्पना पुल से लेकर आईएसबीटी तक भ्रमण कर सुरक्षा व यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधीनस्थों को आवश्यक निर्देश दिए। कप्तान ने ड्यूटी पर नियुक्त कर्मियों से वार्ता कर उनका उत्साहवर्धन किया।
शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने रिस्पना पुल से लेकर आईएसबीटी तक का क्षेत्र भ्रमण कर कावंड़ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया। आईएसबीटी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटीरत कर्मियों को निर्देश दिए कि ड्यूटीरत पुलिस बल यह सुनिश्चित कर ले कि कांवड़ियों के वाहनों को पूर्व निर्धारित किए गए रूटों से ही उनका संचालन किया जाए। साथ ही उन्होंने स्वयं ग्राउंड जीरों पर मौजूद रहते हुए कावड़ यात्रा में आने वाले वाहनों में लगे डीजे की ध्वनि मानकों के अनुरूप रखने व निर्धारित से अधिक ऊंचाई वाले डीजे हटवाने के निर्देश दिए।
