उत्तराखंड (देहरादून) 13 जुलाई 2025: बीच सड़क पर बाइक सवार से मारपीट कर गुंडई दिखाने वाले लोडर वाहन के चालक -परिचालक को नेहरू कालोनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाइक से लोडर की साइड में टक्कर लगी थी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर एसएसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें जोगीवाला क्षेत्र में लोडर वाहन के किनारे पर एक बाइक से हल्की टक्कर लगने पर लोडर वाहन में सवार लोग बाइक सवार के साथ मारपीट कर रहे थे। जिससे मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय सिंह ने थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी को बाइक से लोडर की साइड में लगी थी टक्कर कार्रवाई करने को निर्देशित किया। जिस पर पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रहे लोडर वाहन के नंबर से वाहन चालक व उसमें सवार शख्स के संबंध में जानकारी करते हुए मारपीट की घटना को अंजाम देने वाले भूपेंद्र निवासी भगत सिंह कॉलोनी अधोईवाला रायपुर और नागेश कुमार निवासी नेहरूग्राम डोभाल चौक रायपुर को गिरफ्तार करते हुए संबंधित लोजर वाहन को सीज कर दिया। घटना के संबंध में बाइक सवार ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी है। तहरीर मिलने पर अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
