उत्तराखंड (ऋषिकेश) 20 जून 2025: ऋषिकेश के श्यामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में एक युवक ने पिस्तौल से अपने सिर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक का बृहस्पतिवार को जन्मदिन था। पुलिस ने मौके से शस्त्र को बरामद करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ऋषिकेश कोतवाली के श्यामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस को जानकारी मिली कि एक घर में गोली लगने से युवक की मौत हो गई है। चौकी पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान भी यहां पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि प्रकाश परमार उर्फ पम्मी (35) पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी गली नंबर 11, जगत विहार कॉलोनी, हाट रोड श्यामपुर रोज की तरह बुधवार की रात अपने कमरे में सोने चला गया था। बृहस्पतिवार को उसका जन्मदिन था, पूजा पाठ के लिए पंडित को बुलाया गया था। पुलिस के अनुसार सुबह करीब दस बजे पंडित घर पर पहुंचे। परिवार वाले प्रकाश को जगाने के लिए उसके कमरे में गए। कमरा बंद था, किसी तरह से कमरा खोला गया, भीतर प्रकाश मृत अवस्था में मिल। पास ही एक पिस्टल मिली, उसके सिर में गोली लगी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस जानकारी जुटा रही है कि उसने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
