उत्तराखंड (देहरादून) 14 जून 2025: फोन खो जाने का एक शख्स को बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ा। फोन मिलने पर ठगों ने उसके फोन नम्बर को पोर्ट करवाकर उसका बैंक खाता खाली कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पटेलनगर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
शक्ति विहार माजरा के रहने वाले प्रदीप सिंह ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि 26 मई को जब वह अपने घर शाक्ति विहार माजरा से निकला तब उसकी जेब से उसका फोन कहीं गिर गया। जिसकी रिपोर्ट उसने पुलिस को दी। साथ ही उसके फोन में जो मोबाइल नम्बर था उसे दोबारा निकालने के लिए 28 मई को सिम लेने गया। कंपनी वालों ने बताया कि उसका सिम दूसरी कम्पनी में पोर्ट हो गया है। जिस पर उसने दूसरी सर्विस प्रोवाइडर कम्पनी से सम्पर्क किया। जहां से उसे बताया गया कि उसका नम्बर अभिषेक नाम के शख्स के नाम पर चल रहा है। उसका यह नम्बर उसके बैंक खाते में एसएमएस अलर्ट के रुप में भी दर्ज है। दो जून को जब उसने अपने इस खाते से रकम निकाली और बैलेंस की जानकारी करनी चाही तो उसके बैंक खाते में रकम शून्य थी। जिसके बाद वह तीन जून को बैंक गया तो पता चला कि उसके खाते से 2,83,941 की रकम किसी शख्स ने ऑनलाइन बैंकिग के जरिए निकाली है। उसने अपने बैंक खाते की स्टेटमेन्ट निकाली तो पता चला कि अभिषेक नाम के शख्स ने रकम ऑनलाइन निकाली है। शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई शुरू कर दी है।
