उत्तराखंड (देहरादून) 5 जून 2025: उत्तराखंड के इतिहास में अब तक का सबसे शर्मनाक यौन उत्पीड़न मामला सत्ताधारी दल की प्रभावशाली नेता भाजपा महिला मोर्चा हरिद्वार की पूर्व जिला अध्यक्ष की हुई गिरफ्तारी है। इसमें वेश्यावृति के अलावा सबसे घृणित अपराध उनके द्वारा स्वयं की नाबालिग मासूम का अपने पुरुष मित्र से यौन उत्पीड़न करवाने का आरोप है।
इस प्रकरण से भाजपा के सबसे लोकप्रिय नारे चाल, चरित्र, चेहरा और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की पोल खुल गई है। यह बात उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन व प्रशासन सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में देर शाम पत्रकारों से बातचीत में कही। धस्माना ने कहा कि यह एक आत्मा को झकझोर देने वाला मामला है और इसमें संलिप्त महिला नेत्री की पहुंच भाजपा के राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के नेताओं से है। इस प्रकरण के खुलासे से प्रदेश की जनता को यह स्पष्ट हो जाना चाहिए कि जब प्रदेश में सारा जनमानस अंकिता भंडारी के न्याय के लिए सड़कों पर था तब भाजपा का महिला मोर्चा जनमानस की भावनाओं के साथ क्यों नहीं था। भाजपा की गिरफ्तार महिला नेत्री के किन किन नेताओं के साथ किस तरह के संबंध रहे हैं इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
