उत्तराखंड (देहरादून) 26 मई 2025: साइबर ठग आए दिन किसी न किसी तरीके से लोगों को अपना शिकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इस बार ठगों ने आपदा प्रबंधन सचिव की फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर उनके परिचितों से मदद व फर्नीचर बेचने के नाम पर ठगी का प्रयास किया है। सचिव की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कोतवाली पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने पुलिस को शिकायत दी है कि उनकी व्यक्तिगत जानकारी और तस्वीरों का दुरुपयोग करते हुए उनकी एक फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाई गई है। फर्जी प्रोफाइल से लोगों से रुपए मांगने जैसी अनुचित और आपराधिक गतिविधियां की जा रही हैं। कई लोगों ने फोन पर उन्हें इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी दी है। इस फर्जी फेसबुक आईडी से वर्तमान में 321 लोग जुड़े हुए हैं। सम्भव है कि अनेक लोगों से भी संपर्क कर धोखाधड़ी का प्रयास किया गया हो। सचिव की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
