उत्तराखंड (चकराता) 26 मई 2025: बीते पांच दिनों से पड़ रही गर्मी के बाद रविवार सुबह से ही चकराता में बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। इससे पहले निचले इलाकों के तापमान में बेतहाशा वृद्धि हो रही थी। वहीं चकराता का तापमान भी अपने मिजाज से ऊपर पहुंचने लगा था। चकराता में गर्मियों में आमतौर पर तापमान 27 डिग्री से 28 डिग्री तक रहता है। लेकिन पिछले पांच दिनों से तापमान 27 डिग्री पर भी पहुंच गया था, जिससे दोपहर के समय चकराता में भी लोगों के पसीने छूट रहे थे। लेकिन चकराता के मौसम का अपना मिजाज है, गर्मी होते ही बरसने लगता है। शनिवार को भी पूरे दिन धूप खिली थी लेकिन रविवार सुबह जब लोग नींद से जागे तो आसमान में बादल छाए हुए थे, सुबह सात बजे के आसपास झमाझम बरसने लगे। अचानक बारिश होने से तापमान भी गिरकर अधिकतम 20 डिग्री पर आ गया जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री पर पहुंच गया। बारिश के साथ चली हवाओं ने लोगो को हल्की ठंड का भी अहसास कराया। जिससे कुछ लोग गर्म कपड़े भी पहने नजर आए। बारिश के बाद चकराता आए पर्यटक अपने होटलों और स्थानीय लोग घरों में दुबक गए, जिससे छावनी बाजार सुनसान नजर आया।
