उत्तराखंड (देहरादून) 24 मई 2025 : गोल्ड बिजनेस में निवेश करने के नाम पर कुछ लोगों ने एक महिला से 40 लाख रुपये की ठगी कर दी। आरोपियों ने महिला से अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवाकर धोखाधड़ी की।
पीड़िता की शिकायत पर पटेलनगर पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अब पुलिस की ओर से फोन नंबर और बैंक खातों के जरिए इस मामले की पड़ताल की जा रही है। शिमला बाईपास रोड साईंलोक कालोनी निवासी प्रियंका पंत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया, आरोपी राहुल जिंदल ने कई बैंक खातों से करीब 40 लाख रुपये निकालकर धोखाधड़ी की। बताया, राहुल जिंदल उर्फ संजीव ने दोस्ती करके व्यवसाय करने की बात की। फिर बिजनेस में निवेश में अच्छे मुनाफे का लालच देकर 40 लाख रुपये अलग-अलग खाते में डलवा लिए, जिसमें से कुछ बैंक खाते चरनजीत कौर के नाम पर है। वहीं, इसी तरह से गोल्ड बिजनेस में व निवेश का लालच देकर उससे धनराशि को प्र ट्रांसफर करवाया गया।
तहरीर में बताया, उक्त आरोपी उससे एक युवती के जरिए मिला था और उक्त युवती ने दिल्ली का बताया था। ठगी का पता चलने के बाद आरोपी राहुल ने उसे मोबाइल से ब्लॉक कर दिया। इस खेल में कुकू नाम का एक व्यक्ति भी शामिल होने की बात पीड़िता ने बताई। शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
