उत्तराखंड देहरादून 20 मई 2025: लक्ष्मणगढ़ी के पास चल रही पार्टी के दौरान पिस्टल से छेड़खानी करते समय अचानक चली गोली से एक युवक की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचाने के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। पटेलनगर पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पटेलनगर पुलिस के अनुसार रविवार देर रात अमन निवासी निकट राजकीय इंटर कॉलेज लक्ष्मणगढ़ी मेंहूंवाला माफी पटेल नगर अपने चार अन्य दोस्तों के साथ अपने घर की छत पर बैठकर पार्टी कर रहा था। पार्टी के दौरान अमन ने पिस्टल टेबल पर रखकर उसकी मैगजीन अलग निकाल कर रख दी और दोस्तों के सामने पिस्टल से मजाकिया तौर पर छेड़खानी करने लगा। उसे अंदाजा नहीं था कि पिस्टल के चेंबर में राउंड हो सकता है। पिस्टल से छेड़खानी के दौरान बिना मैगजीन के पिस्तौल का ट्रिगर दब गया व चेंबर में राउंड होने के कारण पिस्तौल से चली –गोली सीधे अमन के दोस्त सागर को लगी। जिसे तत्काल उसके दोस्तों ने महन्त इन्दिरेश अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल मे जांच के बाद डॉक्टरों ने सागर (30) पुत्र राजेश कुमार गिरी निवासी गांधी ग्राम निकट गुरु तेग बहादुर गुरुद्वारा थाना कोतवाली नगर को मृत घोषित कर दिया। पटेलनगर पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
