उत्तराखंड (देहरादून) 16 मई 2025:डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी में बृहस्पतिवार को उत्तर द पुत्तर फिल्म की शूटिंग का मुहूर्त हुआ। इस मौके पर बालीवुड अभिनेता अनु कपूर ने कहा कि उत्तराखंड में शूटिंग की अपार संभावनाएं है। बृहस्पतिवार को मुहूर्त का शुभारंभ यूनिवर्सिटी की वाइस प्रेसिडेंट डा. अंजुम अग्रवाल ने किया।
उन्होंने बालीवुड से आई टीम को यूनिवर्सिटी कैंपस में सभी तरह की सुविधाएं दिए जाने की बात कही। वाइस चांसलर डा. संजय जसोला ने कहा कि फिल्म में कालेज के छात्र प्रोडक्शन, निर्देशन, सिनेमेटोग्राफी में काम कर रहे हैं। डा. रश्मि नेगी ने कहा कि यूनिवर्सिटी के स्कूल आफ माडर्न मीडिया का उद्देश्य छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी बारीकियों एवं अनुभवात्मक जानकारी देना है। अनु कपूर के साथ ही बिजेंद्र काला, पवन मल्होत्रा, रुकसार रहमान, नितिन अरोड़ा, सुमित गुलाटी, राजेंद्र सेठी, जीवांशु आहलूवालिया भी मुंबई से शूट के लिए पहुंचे है। शूट छह दिन चलेगा।
इस मौके पर फिल्म अभिनेता अनु कपूर ने उत्तराखंड की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यहां बेहद खूबसूरत लोकेशंस है। उत्तराखंड की सरकार ने फिल्मों के लिए सब्सिडी देनी शुरू की है। इससे यहां शूटिंग की संभावनाएं बढ़ गई है। इस मौके पर यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट मोहित अग्रवाल, डा. नेहा चौकसी आदि मौजूद थे।
