उत्तराखंड (देहरादून) 4 मई 2025: दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आईसीयू बेड की संख्या 80 है, लेकिन अब 30 बेड और बढ़ जाएंगे। इससे गंभीर मरीजों को फायदा मिलेगा। दून अस्पताल में चिकित्सकों और चिकित्साकर्मियों पर बहुत अधिक दबाव है। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
ओपीडी के साथ ही आईपीडी पर भी प्रेशर बढ़ता जा रहा है। दून चिकित्सालय में काबिल चिकित्सकों के कारण हाई एंड मरीज भी उपचार कराने आ रहे हैं। इस समय इंटेंसिव केयर यूनिट में अस्सी बेड हैं, लेकिन ये नाकाफी हैं। अब इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके लिए मेडिकल कालेज प्रबंधन व चिकित्सालय प्रशासन मिलकर काम कर रहा है।
विभाग व शासन स्तर पर भी सकारात्मक रुख है। दून अस्पताल के वरिष्ठ जन संपर्क अधिकारी महेंद्र सिंह भंडारी का कहना है कि अस्पताल में गंभीर किस्म के आपरेशन हो रहे हैं। आपरेशन सफल भी हो रहे हैं। इसके साथ ही मेडिसन विभाग में बेहद गंभीर और मरणासन्न मरीजों को भी नवजीवन मिल रहा है। इसके पीछे डॉक्टरों की योग्यता और चिकित्साकर्मियों की मेहनत है। दून अस्पताल को जल्द ही तीस नए बेड मिल जाएंगे। इसके लिए सारी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। बहुत जल्द लोगों को लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
