उत्तराखंड (देहरादून) 2 मई 2025: समर वैली स्कूल में 11वीं के 37 छात्रों को कथित तौर पर जानबूझकर फेल करने के विरोध में बृहस्पतिवार को अभिभावकों ने स्कूल के मुख्य गेट पर जमकर प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों पर पेपर लीक करने और रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगाए। अभिभावकों के समर्थन में राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी (आरआरपी) के कार्यकर्ता भी धरना स्थल पर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान अभिभावकों व्हाट्सएप चैट के स्क्रीन शाट और लीक हुए प्रश्नपत्रों की पीडीएफ फाइलें मीडिया को दिखाई जिनमें यूनिट टेस्ट और फाइनल परीक्षा के पेपर परीक्षा से एक सप्ताह पहले ही कुछ छात्रों को भेजे गए थे। राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
