उत्तराखंड (चंपावत) 30 अप्रैल 2025: पाटी ब्लाक के दूबड़ बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति के निलंबित सचिव जय राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे 28 अप्रैल को पाटी से गिरफ्तार किया गया है। सचिव पर 81.08 लाख रुपये के गबन का आरोप है। समिति में आर्थिक गड़बड़ियों और किसानों के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए किसान नेता नरेंद्र उत्तराखंडी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने चार मार्च से 52 दिन तक आंदोलन किया था। आरोपित सचिव जयराम निवासी ग्राम दूबड़ कमलेख पाटी पर उनके कार्यकाल के दौरान 81.08 लाख रुपये के गबन का आरोप है। ग्रामीणों के खातों में गड़बड़ी होने पर शिकायत मिलने के बाद इसी माह जिलाधिकारी नवनीत पांडे ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठन की थी। जांच समिति ने तत्कालीन सचिव जयराम पर समिति व काश्तकारों का 81.08 लाख रुपये के गबन तथा दस्तावेजों में कूट रचना करने का दोषी पाया था। इसके आधार पर थाना पाटी में 22 अप्रैल को मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस टीम ने आरोपित जय राम को पाटी से गिरफ्तार कर लिया।
