उत्तराखंड (उत्तरकाशी) 15 अप्रैल 2025: डामटा चौकी के अंतर्गत चामी के पास सोमवार को सुबह विकासनगर से नौगांव की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों के शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में पोस्टमार्टम को भेज दिए गए है।
आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार, सोमवार सुबह विकासनगर से नौगांव के लिए परचून का सामान लेकर जा रहा एक पिकअप वाहन डामटा पुलिस चौकी के अंतर्गत चामी बर्नीगाड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गाड़ी करीब 500 मीटर खाई में गिरी। हादसे में नौशाद पुत्र नूर मोहम्मद निवासी जीवनगढ़ थाना विकासनगर देहरादून, प्रवीन जैन पुत्र चमन लाल निवासी जीवनगढ़ थाना विकासनगर देहरादून और अजय शाह पुत्र बरगी नाथ निवासी चौबेया थाना सासाराम जिला रोहतास बिहार, हाल पता- जीवनगढ़ थाना विकास नगर देहरादून की मौके पर ही मौत हो गई। आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाई ने बताया कि शवों को पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव भेज दिया गया है।
