उत्तराखंड (देहरादून) 14 अप्रैल 2025: एक महिला को बेची गई जमीन का एक हिस्सा पहले से किसी और को बेचने का मामला सामने आया है। मामला सहस्रधारा रोड से सटे डांडा लखौड़ का है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रीमा मैसी पत्नी राजेश कुमार हिमगिरि एन्क्लेव बुरारी दिल्ली की निवासी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिसम्बर 2020 में डांडा लखौंड में एक प्लॉट अंजली शर्मा पत्नी धीरज शर्मा की मुख्तारेआम आशु शर्मा पत्नी नीरज शर्मा से खरीदी थी। इस जमीन की खरीद की पूरी मध्यस्तथा अमन वर्मा ने करायी थी।
नवम्बर 2023 में अपने पति के साथ देहरादून आयी तो देखा कि उनकी जमीन पर आरती चौहान नोएडा के नाम से बोर्ड लगा है। उनके पति ने बोर्ड में अंकित नंबर पर कॉल की तो पता चला कि प्लॉट के एक हिस्से को पहले से ही आरती चौहान को बेचा हुआ था, और उनसे वापस लेने के लिए 60 से 80 प्रतिशत की पेमेंट हो चुकी है और बचा हुआ अमाउंट अभी तक अभियुक्तों ने नहीं दिया है। इसी विषय को लेकर दोनों के बीच में विवाद चल रहा है। जब इस बारे में अंजली शर्मा व आशु शर्मा से बात की तो उन्होंने बोला कि हमने यह जमीन का हिस्सा आरती चौहान से वापस खरीदा था। जिसकी 60 से 80 प्रतिशत पैसा दिया गया है और बाकी बचा हुआ पैसा भी दे देगे। उसके बाद से बहाने बनाकर टरका रहे हैं।
उन्होंने अंजलि शर्मा के दिल्ली स्थित निवास पर संपर्क किया। वहां से मालूम करने पता चला कि इन्होंने पूरा गैंग बना रखा है और दिल्ली, नोएडा, मेरठ एवं देहरादून में आफिस खोल रखे हैं। जहां से नए नए खरीदारों को फंसाते हैं और एक आपराधिक गिरोह की तरह काम करते हैं। पीडिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया है।
