निजी कालेजों की मनमानी रोकने को बने शुल्क एक्ट
उत्तराखंड (देहरादून) 13 अप्रैल 2025: भाजपा नेता रवीन्द्र जुगरान ने कहा कि अभिभावकों को निजी स्कूलों की मनमानी व शोषण से बचाने के लिए उत्तर प्रदेश की तर्ज पर स्व वित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय शुल्क विनियमन अधिनियम बनाने की जरूरत है। देहरादून समेत उत्तराखंड में अधिकांश निजी विद्यालय मनमानी पर उतारू हैं। फीस बढोत्तरी, अभिभावकों पर पुस्तकें, ड्रेस आदि बहुत महंगे दामों पर स्कूल से खरीदने का दवाब बनाते है जिससे अभिभावकों का आर्थिक व मानसिक शोषण हो रहा है। साथ ही अपने शिक्षकों व कर्मचारियों को कम वेतन देकर शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा की सरकारी लीज भूमि पर काबिज मिशनरी व अन्य विद्यालय भी मनमानी पर उतारू हैं। इस संबंध में शिक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री से मिलकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की तर्ज पर ही एक्ट बनाने की मांग की जाएगी।
