उत्तराखंड (देहरादून) 30 जनवरी 2025 : 38वें राष्ट्रीय खेल के तीसरे दिन महाराष्ट्र की टीम के खिलाड़ियों ने अपनी फूर्ती और तेज रफ्तार के दमपर खो-खो में भी अपना दबदबा बनाए रखा। महिला और पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र ने आसान जीत दर्ज कर शानदार शुरुआत की। महाराष्ट्र की टीम 37वें राष्ट्रीय खेल में भी स्वर्ण विजेता रही थी। वहीं पिछली बार की रजत पदक विजेता ओडिशा की टीम ने भी फिटनेस और स्किल के दम पर पुरुष और महिला दोनों वर्ग में सफलता हासिल की है।
अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेल परिसर के चौखंभा हॉल में खो-खो प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। उद्घाटन मुकाबला पुरुष वर्ग में ओडिशा और छतीसंगढ़ की टीम के बीच खेला गया। ओडिशा ने पहले अटैक करते हुए 9 मिनट के पहले सेट में 34 अंक जुटाए छ्तीसगढ़ की टीम 16 अंक ही जुटा सकी। इस कारण छतीसगढ़ को फॉलोऑन मिला और दूसरी पारी खेलनी पड़ी । मगर इस पारी में भी छतीसगढ़ सिर्फ 18 अंक ही जुटा सकी, जबकि डिफ्फेंडर ओडिशा को 6 अंक मिले। ओडिशा 43-34 के अंतर से आगे रही। ओडिशा को एक पारी और 9 अंक से विजेता घोषित किया गया । वहीं दुूसरा मैच पिछली स्वर्ण विजेता महाराष्ट्र और उत्तराखंड के बीच हुआ । इसमें महाराष्ट्र ने 37-22 के स्कोर के साथ एक पारी और 15 अंक से जीत दर्ज की।
