उत्तराखंड (विकास नगर) 26 दिसंबर 2024 : कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक व्यक्ति को अपना लोडर वाहन दो अज्ञात व्यक्तियों को टेस्ट ड्राइव के लिए देना महंगा पड़ गया। वाहन को टेस्ट डाईविंग पर ले जाने वाले दोनों व्यक्ति लोडर वाहन को लेकर फरार हो गये। जब देर शाम तक भी अज्ञात व्यक्ति वापस नहीं लौटे तब वाहन मालिक अपने को ठगा महसूस करने लगा। वाहन मालिक ने पुलिस को तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने अज्ञात दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार अभिषेक गर्ग पुत्र अनूप गर्ग निवासी वार्ड तीन, बाजार विकासनगर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपना लोडर वाहन बेचना चाहता था। 23 दिसम्बर को दो अज्ञात लोग उसके पास वाहन खरीदने के लिए आए। लोडर को खरीदने के लिए बातचीत की। दोनों ने खरीदने से पहले वाहन को टेस्ट डाइव के लिए मांगा। जिस पर वाहन को दोनों को दे दिया। सारे दस्तावेज वाहन में ही रखे थे। काफी देर तक वे वापस नहीं लौटे। इसके बाद अभिषेक ने पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल राजेश शाह का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन की तलाश की जा रही है।
