उत्तराखंड (देहरादून) 21 दिसंबर 2024: उत्तरकाशी में जल जीवन मिशन की पेयजल योजनाओं में भ्रष्टाचार को लेकर ग्रामीण पदयात्रा कर दून पहुंचे और उत्तरकाशी जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए, उन्होंने जल निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर उत्तरकाशी के डीएम को हटाने की मांग की। इसके बाद ग्रामीणों ने सचिवालय पहुंचकर मुख्य सचिव को मांग पत्र सौंपा और मामले की जांच की मांग की। उत्तरकाशी जन संगठन गांव बचाओ आंदोलन के सदस्य अभिषेक जगूड़ी ने प्रेस को बताया कि उत्तरकाशी में जल जीवन मिशन के तहत बनने वाली पेयजल योजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ अधिकांश गांव में पाइप लाइन बिछाकर टैंक बना दिए और ग्रामीणों को कनेक्शन भी दे दिए गए, लेकिन लाइनों में पानी शुरू नहीं हुआ। जबकि जल जीवन मिशन की वेबसाइट और फाइलों में इसके आंकड़े अलग हैं। बताया कि पूर्व में कई बार उत्तरकाशी जिला प्रशासन से भ्रष्टाचार की जांच की मांग की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि12 अगस्त को इस मामले की जांच के लिए उत्तरकाशी जिला कलेक्टेट में आंदोलन किया गया तो वहां के अधिकारियों ने 24 ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज़कर उन्हें जेल भेज दिया। बताया कि सरकार पेयजल योजनाओं की जांच के लिए कनिष्ठ अधिकारियों को लगा रही है। जबकि भ्रष्टाचार में वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आज इस भ्रष्टाचार की संपूर्ण जांच कराने को लेकर उत्तरकाशी के 53 ग्रामीण पदयात्रा कर राजधानी पहंचे हैं। अगर 23 दिसंबर तक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
