उत्तराखंड (रामनगर )19 दिसंबर 2024: रामनगर के निकटवर्ती गांव रिंगोड़ा में बाघ ने गांव की एक बुजूर्ग महिला को उस समय अपना निवाला बना लिया जब वह पानी के स्रोत से पानी लेने गई थी।महिला की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे पहाड़ को जाने वाले सैंकड़ों यात्रियों को फरजीहत उठानी पड़ी। चार घंटे बाद अधिकारियों ने गुस्साए ग्रामीणों की समझा बुझाकर नेशनल हाइवे पर लगा जाम खुलवाया।
जानकारी के मुताबिक रिंगोड़ा गांव की रहने वाली तुलसी देवी (60) पत्नी गुसाई सिंह कड़ाकोटी बुधवार सुबह नेशनल हाईवे किनारे एक पानी के स्रोत से पानी लेने गई थी। इसी बीच वहां घात लगाए बैठे एक बाघ ने उस पर हमला किया और उसे घसीटते हुए कोसीनटी की ओर ले गया। महिला को बाघ द्वारा ले जाने की सूचना अन्य महिलाओं ने ग्रामीणों को दी, जिसके बाद ग्रामीणों के साथ वन कर्मियों की टीम मौके पर पहंची। हाईवे से कोसी नदी की ओर 500 मीटर की दूरी पर महिला का शव वन कर्मियों ने बरामद किया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण दो किलोमीटर तक शव को पैदल गांव लेकर पहुंचे।
