उत्तराखंड (देहरादून) 13 दिसंबर 2024: चारधाम के शीतकालीन पूज़ा स्थलों में बुनियादी सुविधाएं जुटाने की मांग को लेकर चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत के प्रतिनिधि मंडल ने गुरुवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा । पुरोहितों ने शीतकालीन पूजास्थलों का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार करने की भी मांग की उन्होंने कहा कि तीर्थ पुरोहित और पंडा समाज भी प्रचार-प्रसार में सहयोग करेगा। चारधाम तीर्थ महापंचायत के अध्यक्ष और गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने गंगोत्री धाम के शीतकालीन पूजास्थल मुखवा से संबंधित समस्याओं का ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम की शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से संकल्पित है। राज्य सरकार की ओर से चारों धामों में बुनियादी सुविधाएं जुटाई जाएगी। उन्होंने तीर्थ पुरोहितों से भी इसमें सहयोग की अपील की सीएम ने कहा कि कि चार धामों के शीतकालीन पूजा स्थल खुशीमठ, मुखीमठ, ऊखीमठ और ज्योर्तिमठ में यात्री शीतकाल में अधिक से अधिक संख्या में आएं।
