उत्तराखंड (देहरादून) 4 दिसंबर 2024: डोईवाला जौलीग्रांट मार्ग पर भानियावाला तिराहे के पास शराब की दुकान में खुलकर ओवर रेटिंग हो रही है लेकिन आबकारी विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। ग्राहकों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की मिली भगत से ही इस प्रकार खुलेआम शराब एमआरपी से अधिक दामों पर बिक रही है। जिलाधिकारी और प्रशासन की ओर से पूर्व में की गई कार्रवाई के बावजूद शराब विक्रेताओं के हौसले बुलंदियों पर है और ठेकों पर एमआरपी से अधिक दाम पर शराब बेचकर ग्राहकों को लूटा जा रहा है। जिससे लोग आक्रोशित हैं। लोगों ने बताया कि शाम होते ही भानियावाला ठेके पर बीयर, व्हिस्की, रम आदि की हर बोतल व कैन पर 10 से लेकर 30और 40 रुपये अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं। विरोध करने पर ठेके पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार व धन राशि वापस देकर अन्य स्थान से शराब लेने के लिए कहा जाता है। ग्राहकों का कहना है कि मामले की सीएम पोर्टल पर शिकायत और कई बार विभाग के संज्ञान में लाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
