उत्तराखंड (देहरादून) 2 दिसंबर 2024: प्रेमनगर मंडी से सब्जी खरीद रहे दून के एक वकील और उसके भाई पर कुछ हथियारबंद लोगों ने जानलेवा हमला किया। हमलावर, मोबाइल, नगदी और सोने की चेन लूट ले गए। ग्राम पौंधा के रहने वाले अधिवक्ता अखिल शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी है कि बीते रोज वह अपने भाई नवदीप शर्मा के साथ प्रेमनगर सब्जी मंडी में सब्जी खरीद रहे थे। इसी दौरान लगभग बारह से तेरह लोगों ने दोनों भाईयों पर हमला कर दिया। सभी हमलावर धारदार हथियारों से लैस थे। हमलावरों ने उनसे मारपीट करते हुए उनका मोबाइल फोन, सोने की चेन और कुछ नगदी लूट ली। हमलावरो में प्रदीप , मिद्ठी बेडी, विश्वासदत्त शर्मा निवासी प्रेनगर और सौरभ पांडेय भी शामिल थे। अधिवक्ता अखिल शर्मा की शिकायत पर तीनों आरोपितों को नामजद करने के साथ ही एक दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपित हमलावरों की तलाश कर रही है।
