उत्तराखंड (देहरादून) 16 अक्टूबर 2024: तलाक के बाद पूर्व पति से बेटा वापस दिलाने का उपाय करने के नाम पर बाबा बनकर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली में केस दर्ज किया गया है।
पटेलनगर कोतवाली में महिला ने मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने बताया कि उसका तलाक हो गया था । बेटा पति के पास है। जिसके चलते वह मानसिक तनाव में रहती थी। इंस्टाग्राम पर राधेश्याम बाबा का पेज दिखाई दिया। जिसमें परेशानी दूर करने से संबंधित कई तरह के उपाय बताए गए थे। उसे लगा कि शायद बाबा की मदद से उसका बेटा मिल जाए । दिए गए नंबर पर बात हुई तो उधर से उपाय का आश्वासन दिया गया। उपाय शुरू करने से पहले कुछ पैसों की मांग की गई। बीते साल सात नवम्बर को बाबा ने कहा कि 5500 रुपये जमा कर दो। कहने के मुताबिक पैसा जमा कर दिए। इसके बाद 18 हजार और मांगे गए। इसके बाद 30 हजार की और डिमांड की गई। इसके बाद कहा गया कि आपका काम आधा हो गया है। थोड़ा सा और बचा है। 30 हजार और जमा करने होंगे।
आरोप है कि अलग-अलग झांसे देकर छह लाख आठ हजार से ज्यादा की रकम ले ली गई। इसके बाद भी पैसों की व्यवस्था करने को कहा गया। रोज फोन कर रुपये की मांग की जाने लगी। आरोप है कि बाबा ने झुठा आश्वासन दिया। भ्रम में रखकर धोखाधड़ी करी।
