उत्तराखंड (रुद्रप्रयाग) 9 अक्टूबर 2024: केदारनाथ मंदिर के कपाट पूर्व परम्परा के अनुसार शीतकाल के लिए तीन नवंबर को प्रातः 8 बजकर 30 मिनट पर बंद किए जाएंगे ।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याकारी अधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि केदारनाथ मंदिर के कपाट पूर्व परम्परा के अनुसार शीतकाल के लिए तीन नवंबर को भाई दुज के दिन प्रातः 8 बजकर 30 मिनट पर बंद किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि केदारनाथ भगवान की चल-विग्रह डोली यात्रा कार्यक्रम के अनुसार तीन नवंबर को चल-विग्रह डोली केदारनाथ मंदिर से प्रातः 8:30 बजे प्रस्थान होगी। इसके उपरांत रात्रि विश्राम के लिए रामपुर पहुंचेगी। चार नवंबर को केदारनाथ भगवान की चल-विग्रह डोली रामपुर से प्रातः प्रस्थान करेगी और फाटा,नारायण कोटी होते हुए रात्रि विश्राम के लिए विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंचेगी। पांच नवंबर को चल-विग्रह डोली विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी से प्रातः 8:30 बजे प्रस्थान कर प्रातः 11:20 बजे अपने शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी और पूर्व परम्परा के अनुसार अपने गद्दी स्थल पर विराजमान होगी।
