उत्तराखंड (देहरादून) 16 सितंबर 2024: सड़क हादसे में हुई युवक की मौत के मामले में मृतक के भाई की शिकायत पर रायपुर पुलिस ने आरोपित वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में धनियाड़ी, बड़ासी रायपुर के रहने वाले प्रदीप सिंह राणा ने पुलिस को शिकायत दी है। प्रदीप ने पुलिस को बताया कि 13 सितम्बर को उसका भाई मोहन सिंह राणा पैदल (वॉक) पर निकला। करीब साढ़े सात से आठ बजे के बीच एक कार के चालक सुमित कश्यप ने वाहन को तेज लापरवाही से चलाते हुए उसके भाई मोहन सिंह राणा को ग्राम धनिमाडी के पास टक्कर मारकर घायल कर दिया। हादसे के बाद वाहन चालक सुमित कश्यप ही मोहन को वाहन में बैठाकर दून अस्पताल ले गया। जहां पर डाक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपित चालक सुमित पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
