उत्तराखंड (हल्द्वानी) 21 मई 2026: हल्द्वानी में पुलिस ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि प्रतिबंधित सट्टेबाजी प्लेटफॉर्मों के बाद सक्रिय हुए इस गिरोह ने अपनी स्वयं की ऐप के माध्यम से सट्टेबाजी का नेटवर्क तैयार किया था।
पुलिस के अनुसार, गिरोह डिजिटल ट्रांजेक्शन के साथ-साथ रजिस्टर में भी लेन-देन का रिकॉर्ड रख रहा था। जांच में अब तक करीब 3.5 करोड़ रुपये से अधिक के सट्टे का कारोबार सामने आया है, जबकि प्रतिदिन लाखों रुपये का लेन-देन होने की बात भी सामने आई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 मोबाइल फोन, एक रजिस्टर, एक पेन और ₹51,100 नकद बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ मुखानी थाना में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है और सट्टेबाजी में शामिल व्यक्तियों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई है।
