ICU में भर्ती बुजुर्ग महिला की मौत, दो की हालत गंभीर, मरीजों को दूसरे अस्पतालों में किया गया शिफ्ट
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय सहित कई अधिकारी पहुँचे पैनेसिया हॉस्पिटल
उत्तराखंड (देहरादून) 20 मई 2026: देहरादून हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक बुजुर्ग महिला बीरावती की मौत हो गई, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक अस्पताल में आग एसी में शॉर्ट सर्किट होने के कारण लगी। देखते ही देखते पूरे परिसर में धुआं फैल गया, जिससे मरीजों और अस्पताल स्टाफ के बीच हड़कंप मच गया। घटना के बाद आनन-फानन में मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।
बताया जा रहा है कि आईसीयू में भर्ती महिला बीरावती की इस दौरान मौत हो गई। वहीं दो अन्य मरीज गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अस्पताल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह एसी में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
