उत्तराखंड (मसूरी) 6 अप्रैल 2026: शहर की मुख्य सड़कों पर अवैध रूप से खड़े रेंटल दोपहिया वाहनों के खिलाफ नगर पालिका ने सख्त कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत 21 रेंटल स्कूटी जब्त की गईं। इन वाहनों के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए आरटीओ को पत्र भेजा जाएगा। इस कार्रवाई से रेंटल स्कूटी संचालकों में हड़कंप मच गया है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन के नेतृत्व में रविवार सुबह पिक्चर पैलेस लंढौर मार्ग पर अवैध रूप से खड़ी रेंटल स्कूटी जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई। जब्त की गई स्कूटियों को नगर पालिका परिसर में लाया गया। इस कार्रवाई के बाद स्कूटी संचालकों में अफरा-तफरी मच गई और खबर फैलते ही शहर के अन्य हिस्सों से भी अवैध रूप से पार्क की गई स्कूटियों को तुरंत हटाया गया।
गौरव भसीन ने बताया कि सड़क किनारे खड़ी रेंटल स्कूटियों के कारण शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। इनमें मसूरी घूमने आए पर्यटकों की स्कूटियां भी शामिल हैं, जिनका चालान कर छोड़ दिया।
