उत्तराखंड (देहरादून) 2 दिसंबर 2025: परिवहन निगम की बसों में महिला सुरक्षा के लिए शुरू की गई कवायद परवान नहीं चढ़ पाई है। इसके लिए परिवहन निगम और एक कंपनी के बीच करार अधूरा रह गया है। कंपनी निगम की बसों व बस स्टेशनों में महिला सुरक्षा के दृष्टिगत सीसी कैमरे नहीं लग पाई है। नई बसों में कैमरे लगे हैं, उनसे सजीव प्रसारण नहीं हो पा रहा है। यद्यपि, निगम का कहना है कि इनसे सजीव प्रसारण के लिाए जल्द ही व्यवस्था की जाएगी। परिवहन निगम ने वर्ष 2022 में एक फर्म के साथ करार किया था। इसमें महिला सुरक्षा के दृष्टिगत भी कार्य किए जाने थे। इसके लिए परिवहन निगम ने फर्म को सात कार्य करने के लिए अधिकृत किया गया था। इनमें से एक सभी बसों व बस स्टेशनों पर सीसी कैमरे लगाना और इनका सजीव प्रसारण भी शामिल था। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट व सड़क सुरक्षा समिति लगातार व्यावसायिक वाहनों में महिला सुरक्षा पर जोर दे रही है। इस कड़ी में परिवहन निगम ने आगे कदम बढ़ाए थे। स्थिति यह रही कि मात्र एक ही बस में सीसी कैमरा लगा पाया गया। साथ ही सजीव प्रसारण के लिए भी व्यवस्था नहीं हो पाई। यद्यपि, बीते दो वर्षों से निगम में जो भी अनुबंधित बसें लगाई जा रही हैं जिनमें वाल्वो भी शामिल हैं, उनमें सीसी कैमरे लग कर आ रहे हैं।
