उत्तराखंड (हल्द्वानी)29 नवंबर 2025: राज्य भर की सस्ता गल्ला दुकानों पर मुख्यमंत्री नमक पोषण योजना के तहत आठ रुपये में मिलने वाला सरकारी नमक सेहत के लिए ठीक नहीं है। सरकारी नमक में रेत की मिलावट पाई गई है। राजकीय खाद्य एवं औषधि सुरक्षा प्रयोगशाला रुद्रपुर की रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कुमाऊं से नमक के 36 से अधिक सैंपल लैब भेजे थे। इनमें से अधोमानक पाए गए 10 सैंपल में रेत व बालू के कण पाए गए। फिलहाल सस्ते गल्ले में नमक के वितरण पर रोक लगी है।
हल्द्वानी क्षेत्र में कुछ दिनों पूर्व सरकारी राशन वितरण केंद्र से एक वीडियो प्रसारित हुआ था। जिसमें नमक में रेत के कण दिख रहे थे। वीडियो देख लोगों में काफी नाराजगी थी। मामले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। विभाग ने कुमाऊं भर में करीब तीन दर्जन सैंपल इकट्ठे किए। जांच के लिए सैंपल रुद्रपुर स्थित स्टेट लैब भेजा गया। लैब ने इस सरकारी नमक के 10 सैंपल को अपनी रिपोर्ट में मानकों के अनुरूप नहीं श्रेणी में रखा। रिपोर्ट के अनुसार नमक में रेत व बालू के कण मिले। इस जांच रिपोर्ट से सरकारी योजना से मिलने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता की पोल खोल दी है।
