उत्तराखंड (देहरादून) 28 नवंबर 2025: हरिद्वार हाईवे पर हुए सड़क हादसे में होटल में म्यूजिक सिस्टम चलाने वाले युवक की मौत हो गई। हादसा बुधवार आधी रात के बाद करीब दो बजे जोगीवाला में गौरी नर्सरी के सामने हुआ।
थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी संजीत कुमार ने बताया कि बुधवार रात 1:55 बजे जोगीवाला में हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान बाइक सवार शिवम कश्यप उम्र 30 वर्तमान निवासी निकट छह नंबर पुलिया, मूल निवासी नगली जाजू थाना नूरपुर जिला बिजनौर गंभीर घायल पड़ा था। किसी वाहन की चपेट में आने से सिर पर गहरा घाव हुआ था। बताया कि एंबुलेंस से उसे कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान पता लगा कि शिवम कश्यप की करीब ढाई साल पहले शादी हुई थी। इनका एक बेटा है। शिवम हादसे के समय मियांवाला की ओर ससुराल गई पत्नी के पास जा रहा था। थानाध्यक्ष ने बताया कि शिवम के स्वजन से शिकायत मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
