उत्तराखंड (देहरादून) 26 सितंबर 2025: शासन ने राजकीय महाविद्यालय अगरोड़ा नई टिहरी की इतिहास विषय की असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन के कारण ही यह बात सामने आई थी कि पटवारी भर्ती परीक्षा के पेपर के तीन पन्ने लीक हो गए हैं।
सचिव उच्च शिक्षा डॉ. रंजीत सिन्हा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि हरिद्वार जिले के एक परीक्षा केन्द्र से प्रश्नपत्र के पृष्ठ बाहर भेजे गए थे। जांच में सामने आया कि सुमन इस प्रकरण में लिप्त रही और उन्होंने प्रश्नपत्र का स्क्रीनशाट बॉबी पंवार नामक व्यक्ति को वायरल करने के लिए उपलब्ध कराया। उन पर पेपर साल्वर के रूप में शामिल होने और सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने के भी आरोप हैं। इसी सिलसिले में थाना रायपुर में उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। विभागीय आदेश में कहा गया है कि सुमन का कृत्य उत्तराखण्ड कर्मचारी आचरण नियमावली 2002 का उल्लंघन है। निलंबन अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा और वह निदेशालय उच्च शिक्षा हल्द्वानी से संबद्ध रहकर कार्य करेंगी।
